BSd0TSYiGpC7GSG9TpO6TpG7Td==

Haryana Election News : अगले 1 महीने के अंदर हरियाणा के गांव-गांव में बदलाव यात्रा निकलेगी

Haryana Election News


रोहतक/चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को रोहतक के पुराना आईटीआई ग्राउंड में आयोजित कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। इस दौरान प्रदेश भर से राज्य, लोकसभा, विधानसभा, ब्लॉक स्तर और सर्किल स्तर के पदाधिकारियों के साथ नवनियुक्त 6500 वार्ड प्रधान और ग्राम सचिव पहुंचे। लगभग 11000 हजार से ज्यादा पदाधिकारी शपथ ग्रहण में शामिल हुए। 


इस मौके पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा, प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, राष्ट्रीय ज्वाइंट सेक्रेटरी मंत्री निर्मल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने खट्टर सरकार को जमकर कोसा। परिवर्तन का संकल्प ले, भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद के नारों से पंडाल गूंज गया।


आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के कोने कोने से आए पदाधिकारियों को सम्मान देकर भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा दो महीने पहले हरियाणा के कोने कोने से आए 1100 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई थी और आज दो महीने के अंदर ही दस गुना 11000 पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जा रही है। इसमें 6237 गांव और 1617 वार्ड, लगभग 7800 यूनिट के हर गांव और हर वार्ड से एक एक पदाधिकारी आया हुआ है। 


इससे पता चलता है कि आम आदमी पार्टी का संगठन हर वार्ड और गांव में पहुंच चुका है। हर गांव और वार्ड में 20-20 लोगों की कमेटी बन चुकी है। अगले एक महीने के अंदर इन सभी कमेटियों की ट्रेनिंग होगी। हरियाणा के गांव-गांव में बदलाव पदयात्रा निकाली जाएगी और एक महीने के बाद जो 20-20 लोगों की कमेटी बनी है, लगभग सवा लाख पदाधिकारियों का दिसंबर में शपथ ग्रहण करवाया जाएगा। जिस पार्टी के इतने पदाधिकारी हो उसको कोई नहीं हरा सकता।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के पास भी इतना बड़ा संगठन नहीं है जितना आम आदमी पार्टी के पास है। मुझे लगता है भाजपा और कांग्रेस के पास आम आदमी पार्टी के संगठन का 10वां हिस्सा भी नहीं। उन्होंने कहा कि संगठन हवा में नहीं बनता, संगठन तब बनता है जब लोगों को उस संगठन और पार्टी से उम्मीद होती है। यदि कांग्रेसी और भाजपा वाले गांव गांव जाएं और कहें हमारे साथ जुड़ो तो उनसे कोई नहीं जुड़ने वाला। जब आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता घर घर जाता है तो बच्चा बच्चा बोलता है हम भी पार्टी से जुड़ेंगे। क्योंकि आम आदमी पार्टी लोगों की उम्मीद बन चुकी है।

Comments0

Type above and press Enter to search.