किसानों के दिल्ली कूच को लेकर हरियाणा सरकार हुई अलर्ट, सीएम सैनी ने ली अधिकारियों की बैठक

haryana cm


चंडीगढ़ : किसानों द्वारा एक बार फिर दिल्ली कूच की घोषणा किए जाने के बाद हरियाणा सरकार सतर्क हो गई है। 

इस संदर्भ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी शत्रुजीत कूपर और एडीजीपी सीआईडी आलोक मित्तल ने भी भाग लिया।

गौरतलब है कि किसानों ने 6 दिसंबर को दिल्ली कूच करने की योजना बनाई है। बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार हमेशा किसानों के साथ खड़ी है। 


उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में कई अहम कदम उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों के बीच झूठ और भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद कर रही है। 

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि किसानों को दिल्ली कूच से रोकने के लिए पहले शंभू बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिससे आम जनता को काफी असुविधा हुई। उस समय किसानों के एक समूह ने वहीं धरना शुरू कर दिया था।

अब, किसानों द्वारा 6 दिसंबर को पुनः दिल्ली कूच का ऐलान किए जाने पर सरकार ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Next Post Previous Post