हरियाणा में ठंड का कहर, कई जिलों में पारा 5 डिग्री से नीचे, शीतलहर का अलर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। राज्य के राजस्थान से सटे जिलों जैसे हिसार, नारनौल, भिवानी और सिरसा में तापमान तेजी से गिरकर जमाव बिंदु के करीब पहुंच रहा है। इन इलाकों में पाला जमना शुरू हो गया है और ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं दिख रही।
10 जिलों में तापमान 5 डिग्री या उससे कम
प्रदेश के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या उससे भी नीचे दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में तापमान 1.20 डिग्री, हिसार 1.60 डिग्री, रेवाड़ी 2 डिग्री, करनाल 3.60 डिग्री, सोनीपत 3.80 डिग्री, सिरसा 4 डिग्री, रोहतक 4.40 डिग्री, गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र 4.80 डिग्री और जींद में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
धुंध और ठंडी हवाएं बढ़ा रहीं ठिठुरन
महेंद्रगढ़ में सुबह हल्की धुंध देखी गई, जबकि करनाल, पंचकूला, पानीपत और जींद में ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हिसार और आसपास के इलाकों में खेतों में पाला जमने से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
शीतलहर के लिए येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं और पाले के चलते रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
हिसार में सबसे ज्यादा गिरा पारा
हिसार जिले में तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री कम दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरावट है। इसके बाद करनाल में 4.1 डिग्री और रोहतक में 3 डिग्री तापमान कम हुआ है।
कृषि वैज्ञानिकों की किसानों को सलाह
कृषि वैज्ञानिकों ने ठंड से फसलों को बचाने के लिए किसानों को तुरंत खेतों में सिंचाई करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई करने से पाला जमने की संभावना कम हो जाती है। बागवानी के पेड़ों को भी पानी देने का सुझाव दिया गया है। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में न बांधें और उन्हें पर्याप्त गर्माहट व पोषक आहार प्रदान करें।
15 दिसंबर तक ठंड का प्रकोप रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार, 15 दिसंबर तक शीतलहर का असर रहेगा। ठंड के साथ कई इलाकों में हल्की धुंध भी छा सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना
आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में पारा और गिर सकता है। किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग की मानें तो 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और ठंड से बचाव के उपाय करने की अपील की गई है।