हरियाणा सरकार की अधिकारियों को सीधी चेतावनी, सीएम सैनी बोले- लापरवाही की तो 'चूड़ी टाइट' कर दी जाएगी

Cm Saini


नया हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को लाडवा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

लाडवा के लोगों की समस्याओं का समाधान होगा

मुख्यमंत्री ने कहा, "आज लाडवा विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी गईं। जिनके कार्य अधूरे हैं या जिनकी कोई समस्या है, उनके निवारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। हमारी सरकार जनता की सेवा और राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।"

कांग्रेस पर निशाना

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस को देश की जनता ने नकार दिया है। अब उनके पास केवल ट्वीट करने का ही काम बचा है। कांग्रेस ने देश पर लंबे समय तक राज किया, लेकिन विकास की गति को हमेशा धीमा रखा। उन्होंने कभी नहीं चाहा कि देश तेजी से विकास करे।"

एक राष्ट्र, एक चुनाव पर जोर

मुख्यमंत्री सैनी ने "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, "इस पहल से देश के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। लेकिन कांग्रेस हमेशा इस तरह के सकारात्मक बदलावों का विरोध करती रही है। उनकी मंशा विकास में बाधा डालने की रही है।"

भ्रष्टाचार और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

मुख्यमंत्री ने शुगर मिल में भ्रष्टाचार से जुड़े एक सवाल पर कहा कि इस मामले की गहन जांच कराई जाएगी और किसी भी दोषी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा, "लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अधिकारियों की 'चूड़ी टाइट' कर दी जाएगी।"

सरकार का विजन और विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में देश और राज्य ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार जनता की भलाई के लिए काम कर रही है और हरियाणा को विकास के पथ पर आगे ले जा रही है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल समस्याओं के समाधान के लिए अहम रहा, बल्कि यह भी स्पष्ट किया कि उनकी सरकार राज्य में पारदर्शिता और विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post Previous Post