हरियाणा में जब 24 फसलें होती ही नहीं तो किसको दे रहे हो MSP? सीएम सैनी की गारंटी पर बोले-भूपेंद्र हुड्डा

Bhupinder Singh Hooda


चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा दावा करती है कि 24 फसलों पर एमएसपी दिया जाता है, लेकिन हरियाणा में कुल 24 फसलों का उत्पादन होता ही नहीं।


किसानों को नहीं मिलता एमएसपी: धान का उदाहरण दिया

पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि जिन फसलों का उत्पादन होता है, उन पर भी किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने धान का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बार भी किसानों को अपनी धान की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य से ₹200-₹400 कम रेट पर बेचनी पड़ी। यह स्थिति दर्शाती है कि सरकार किसानों के अधिकारों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने यह बयान नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए दिया।


जगजीत सिंह डल्लेवाल के अनशन पर जताई चिंता

हुड्डा ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसान एमएसपी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और डल्लेवाल पिछले 28 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। उनकी सेहत अब गंभीर हो चुकी है, और उनका जीवन सभी के लिए अनमोल है। हुड्डा ने सरकार से अपील की कि वह तुरंत किसानों की मांगों का समाधान करे और डल्लेवाल का अनशन समाप्त करवाए।


संविधान और आंबेडकर पर भाजपा को घेरा

हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता संविधान और इसके निर्माता डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कभी भी ऐसा बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी कारण कांग्रेस ने पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर भाजपा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।


मनु भाकर को खेल रत्न देने की मांग

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मनु भाकर ने देश के लिए दो ओलंपिक पदक सहित कई अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाकर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की मजबूत दावेदार हैं, और यदि सरकार उन्हें यह सम्मान देती है तो यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा।


हरियाणा कांग्रेस में जिला प्रभारियों की सूची पर सफाई

हरियाणा कांग्रेस में जिला प्रभारियों की सूची को लेकर उठे विवाद पर भी हुड्डा ने बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ दी थी। इस वजह से जिला प्रभारियों की सूची में मामूली बदलाव कर इसे अपडेट किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यह सूची नए सिरे से नहीं बनाई जाएगी।

Next Post Previous Post