भाजपा सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलने पर आमादा: अभय सिंह चौटाला

Abhay Chautala


चंडीगढ़: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह किसानों के शांतिपूर्ण आंदोलन को गोलियों और लाठियों से कुचलने पर उतारू है। उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन करना हर भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार इसे जबरदस्ती कुचलने का प्रयास कर रही है।

पुलिस एक्शन को बताया किसान विरोधी

फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी जैसी मांगों को लेकर शंभू बॉर्डर से पैदल दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर हरियाणा पुलिस द्वारा वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागने की घटना को चौटाला ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि निहत्थे किसानों के खिलाफ यह बर्बर कार्रवाई किसान विरोधी मानसिकता का परिचायक है। इस पुलिस कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्हें कोई भी मेडिकल सहायता प्रदान नहीं की गई।

चुनावों के बाद किसानों को भुला दिया गया

अभय चौटाला ने कहा कि चुनावों के दौरान राजनीतिक दल किसानों के समर्थन में बयानबाजी करते हैं और उनके वोट हासिल करने के लिए तरह-तरह के वादे करते हैं। लेकिन चुनाव खत्म होते ही किसान उनकी प्राथमिकता से गायब हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में हरियाणा प्रदेश में कोई भी राजनीतिक दल किसानों की मांगों के समर्थन में खड़ा नहीं हो रहा है।

इनेलो का किसानों को समर्थन

चौटाला ने कहा कि इनेलो पार्टी, जिसे चौधरी देवीलाल ने किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए स्थापित किया था, शुरू से ही किसानों के हक के लिए लड़ाई लड़ रही है। इनेलो किसानों की सभी मांगों के प्रति संवेदनशील है और उनका पूरा समर्थन करती है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि आंदोलनरत किसान इनेलो से सहायता की अपील करते हैं, तो पार्टी उनकी हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा, "इनेलो किसानों के हकों के लिए पूरी ताकत से खड़ी है और आगे भी उनके संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देगी।"

Next Post Previous Post