हरियाणा के 8 नगर निगमों में जल्द होंगे चुनाव, आयोग ने जारी किया वोटर लिस्ट का शेड्यूल
चंडीगढ़: हरियाणा में 8 नगर निगमों के चुनाव जल्द हो सकते हैं। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 6 जनवरी 2025 तक अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद जनवरी में चुनाव की घोषणा की जा सकती है। 4 दिसंबर को हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट को आश्वासन दिया था कि 4 जनवरी को चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, और 4 फरवरी तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
किन निगमों में होंगे चुनाव?
यमुनानगर, करनाल, पानीपत, रोहतक, हिसार, गुरुग्राम, और फरीदाबाद के निगमों का कार्यकाल खत्म हो चुका है। मानेसर नगर निगम में अब तक चुनाव नहीं हुए हैं।
वोटर सूची अपडेट की प्रक्रिया
16 दिसंबर तक मौजूदा मतदाता सूची का वितरण होगा। 17 दिसंबर को बूथ स्तर पर प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन 23 दिसंबर तक लिए जाएंगे। दावे-आपत्तियों का निपटारा 27 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अपील का समाधान 3 जनवरी 2025 तक पूरा होगा।
नगर परिषद और पालिकाओं में भी होंगे चुनाव
चुनाव आयोग ने 8 नगर निगमों के अलावा 4 नगर परिषद और 23 नगर पालिकाओं में भी चुनाव की संभावना जताई है। परिसीमन और आरक्षण से जुड़े मुद्दों के कारण ये चुनाव लंबे समय से लंबित हैं।
हाईकोर्ट के आदेश
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट पहले ही राज्य सरकार को 2 महीने में चुनाव कराने का आदेश दे चुका है। हरियाणा म्यूनिसिपल एक्ट के तहत निगमों का कार्यकाल खत्म होने के 6 महीने के भीतर चुनाव कराना अनिवार्य है, लेकिन कुछ निगमों में 2 साल से अधिक समय से चुनाव लंबित हैं।
चुनाव कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा।