कांग्रेस देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी है : अनिल विज
उन्होंने कहा कि अपने आप को सेक्युलर बताने की एक ओढ़नी ओढ़ी हुई है । जबकि ये देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी है।
26 जून 2018
Share
792
नया हरियाणा
महात्मा गांधी पर विवादित बयान देने वाले हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर बड़ा बयान दिया है। आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी की कार्यशैली की तुलना हिटलर से किए जाने वाले अरुण जेटली के बयान पर सहमति जताते हुए विज ने कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी करार दिया है।
अक्सर अपने विवादित बयानों से राजनीतिक गलियारों की सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा के खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर निशाना साधा है। विज ने अरुण जेटली के उस बयान का समर्थन किया जिसमें जेटली ने आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी की कार्यशैली की तुलना जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर से की है। जेटली से एक कदम और आगे बढ़ते हुए विज ने इंदिरा पर निशाना साधते हुए कहा कि हिटलर की भी उपमा कम है। जिस प्रकार से इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाई, सारे जो मौलिक अधिकार थे उनको निरस्त किया। और जिस प्रकार से कोर्ट के फैसले से अपने आप को बाहर करने के लिए इंदिरा गांधी ने जैसा काम किया वैसा इतिहास में कोई और दूसरा उदाहरण नहीं मिलता। आज कांग्रेस जब अधिकारों की बात करती है तो हम यही प्रश्न करते हैं कि कांग्रेस को, जिसने संविधान को तहस नहस किया। जिसने इमरजेंसी लगाकर लाखों लोगों को जेलों में डाल दिया, विरोधियों को जेलों में डाल दिया। ऐसी कांग्रेस पार्टी को प्रजातंत्र की बात करने का कोई अधिकार नहीं है।
अनिल विज ने इंदिरा के बहाने कांग्रेस को लपेटते हुए कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी करार दे दिया है। विज ने कहा कि इन्होंने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा करवाया। धर्म के आधार पर सिखों का कत्लेआम करवाया। और न जाने किस-किस प्रदेश में इन्होंने झगड़े करवाए। इन्होंने कैमोफलेजिंग की हुई है। अपने आप को सेक्युलर बताने की एक ओढ़नी ओढ़ी हुई है । जबकि ये देश की सबसे बड़ी साम्प्रदायिक पार्टी है।