मनीष ग्रोवर के इशारे पर रोहतक बार प्रधान पर हुआ करोड़ों के घोटाले का केस!
प्रदेश की सबसे चर्चित रोहतक बार एसोसिएशन विवादों में घिर गई है।
11 जून 2018
Share
1142
नया हरियाणा
रोहतक बार एसोसिएशन का चैंबर निर्माण विवाद अब पुलिस और राजनीति तक पहुंच गया है। बार एसोसिएशन के महासचिव पुनित पूनिया ने प्रधान लोकेन्द्र फौगाट और पूर्व प्रधान दीपक कुण्डू समेत 6 लोगों के खिलाफ करोड़ों रूपए का घोटाला करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं, प्रधान लोकेन्द्र फौगाट ने इसे राजनैतिक साजिश बताते हुए मंत्री मनीष ग्रोवर के इशारे पर केस दर्ज करने का आरोप लगाया।
प्रदेश की सबसे चर्चित रोहतक बार एसोसिएशन विवादों में घिर गई है। इस बार में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वित्तमंत्री कै.अभिमन्यु समेत कई बड़ी राजनैतिक हस्तियां सदस्य हैं। यहां के चुनाव में राजनैतिक दल भी अप्रत्यक्ष तौर पर दखल देते हैं। लेकिन इस बार विवाद पुलिस तक जा पहुंचा। बार एसोसिएशन के महासचिव पुनित पूनिया ने प्रधान लोकेन्द्र फौगाट और पूर्व प्रधान दीपक कुण्डू समेत 6 के खिलाफ चैम्बर निर्माण में करोड़ों रूपए का घोटाला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पूनिया का कहना है कि बार के खाते से कैश निकाला गया, लेकिन उसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस ने भी शिकायत के डेढ़ महीने बाद केस दर्ज किया है।
वहीं, इन आरोपों का जवाब देते हुए प्रधान लोकेन्द्र फौगाट ने सहकारिता राज्यमंत्री मनीष ग्रोवर पर निशाना साधा और कहा कि बार एसोसिएशन के चुनाव में मंत्री ने रात के वक्त घर-घर जाकर मेरे खिलाफ वोट मांगे थे, लेकिन फिर भी अपने कंडीडेट को नहीं जितवा पाए। राजनैतिक द्वेष के चलते ये मामला दर्ज किया गया है, एसपी को भी सरकार के आदेशों की पालना करनी पडती है। इसलिए बिना सबूतों के ये केस दर्ज किया गया है।