जाट आरक्षण और कच्चे कर्मियों की पॉलिसी के रद्द मामले हुड्डा सरकार की देन : वीर कुमार यादव
उन्होंने केंद्र सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का गुणगान किया।
6 जून 2018
Share
997
नया हरियाणा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता वीर कुमार यादव ने जाट आरक्षण और कच्चे कर्मियों के मामले को पिछली सरकार की समस्या बताया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कई फैसले मौजूदा भाजपा सरकार भुगत रही है। उन्होंने कहा कि जाट आरक्षण का फैसला तो कांग्रेस सरकार ने जाते-जाते लिया था। जबकि स्पष्ट था कि जब तक बैकवर्ड कमीशन सिफारिश नहीं करेगा तब तक मान्यता नहीं मिलेगी। भाजपा सरकार तो इस मामले पर गंभीर है। इसी प्रकार पिछली सरकार ने कच्चे कर्मचारियों के मामले में किया।
भाजपा प्रवक्ता मंगलवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की 4 साल की उपलब्धियों का गुणगान किया। उन्होंने काह कि 9 से 11 जून तक प्रदेश के 17 हजार 18 बूथों पर प्रदेश के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर सरकार की नीतियों की जानकारी दी जाएगी। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवी वर्गों के सम्मेलन आयोजित कर उन्हें भी इन नीतियों से अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश की यह पहली सरकार है, जिसने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, दलित, आदिवासी, पिछड़े वर्ग, युवाओं, कर्मचारी को लाभान्वित करने का कार्य किया है। अब गरीबों को सरकार के पास आना नहीं पड़ता बल्कि सीधे ही उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है।