अभय सिंह ने कहा राजनीति छोड़ दूंगा, अनिल विज ने कहा कांग्रेस व इनेलो को चित कर रखा है!
इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार के मुखिया मनोहर लाल खट्टर के कुश्ती खेलने पर तंज कसा था।
5 जून 2018
Share
1724
नया हरियाणा
मुख्यमंत्री खट्टर को अपनी टीम के किसी भी सदस्य के साथ कुश्ती के लिए ललकारने वाले इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला को हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने अपने बयानों के दांव से चित करने का काम किया है। विज का कहना है कि राजनीतिक कबड्डी में भाजपा ने इनैलो और कांग्रेस को चित कर रखा है. फिर मौका आएगा तो दोबारा चित कर देंगे। अभय सिंह खेलों से दूर ही रहें तो अच्छा है, उनके साये में खेल सुरक्षित नहीं हैं।
राजनीति के दंगल में पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी पैंतरेबाजी दिन ब दिन तेज होती जा रही है। नेता अपने ब्यानों के जरिए अपने विरोधियों को चित करने की जुगत में जुटे हैं। ऐसे में इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा सरकार के मुखिया मनोहर लाल खट्टर के कुश्ती खेलने पर तंज कसा था। चौटाला ने खट्टर को इनैलो के किसी भी खिलाड़ी से कुश्ती लड़ने का खुला चेलेंज दिया है। इतना ही नहीं हारने की सूरत में अभय सिंह ने राजनीति छोड़ देने का ऐलान भी कर दिया है। इस सियासी खेल में राजनीति के मंजे हुए खिलाड़ी और हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज मुख्यमंत्री खट्टर की ओर से जुबानी जंग के रिंग में उतर गए हैं। विज ने कहा कि अभय चौटाला और मुख्यमंत्री की कबड्डी राजनीतिक है जिसमें हमने इन्हें चित किया हुआ है। इस कबड्डी में हमने इनैलो को और कांग्रेस दोनों को चित्त किया हुआ है। फिर मौका आएगा, फिर इन्हें चित कर देंगे। फिजिकल कबड्डी का पॉलिटिक्स में कोई मतलब नहीं होता। फिजिकल कबड्डी खेलनी हो तो अभय सिंह कहीं भी जाकर खेल ले उन्हें किसने रोका है।
हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने अभय चौटाला पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि अभय सिंह को खेलों से दूर रहना चाहिए। उनके साए में खेल सुरक्षित नहीं हैं। सरकार के राहगीरी कार्यक्रम की पुरातन काल के डकैतों से अभय चौटाला द्वारा की गई तुलनात्मक टिप्पणी पर बोलते हुए विज ने कहा कि अभय सिंह शायद अपने राज की बात कर रहे होंगे आजकल ऐसा नहीं होता।