कुरुक्षेत्र में हो रहा है निर्माण महाभारत थीम बिल्डिंग का : राम बिलास शर्मा
गीता-संदेश की गवाह कुरूक्षेत्र की पर्यटन के क्षेत्र में पूरे विश्व में पहचान है।
19 अप्रैल 2018
Share
2027
नया हरियाणा
हरियाणा के पर्यटन मंत्री राम बिलास शर्मा ने बताया कि कुरूक्षेत्र जिला के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ज्योतिसर में धार्मिक पयर्टन को और अधिक बढ़ावा देने के लिए ‘महाभारत-थीम बिल्डिंग’ का निर्माण किया जा रहा है जिस पर करीब 31 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे।उन्होंने राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि गीता-संदेश की गवाह कुरूक्षेत्र की पर्यटन के क्षेत्र में पूरे विश्व में पहचान है। कुरूक्षेत्र के साथ लगते ज्योतिसर को भी धार्मिक रूप से विकसित किया जा रहा है। ज्योतिसर में ‘महाभारत-थीम’ को कलाकृतियों के माध्यम से दर्शाने के लिए एक बिल्डिंग बनाई जा रही है जिस पर प्रथम चरण में करीब 31 करोड़ रूपए खर्च होंगे। उन्होंने बताया कि करीब 1.50 करोड़ रूपए का कार्य पूरा हो चुका है तथा 6.30 करोड़ रूपए का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 9.90 करोड़ रूपए के कार्य के टैंडर हो चुके हैं जल्दी ही कार्य शुरू हो जाएगा तथा 5.70 करोड़ रूपए के कार्य की ऑनलाइन बोली खोल दी गई है, बाकि कार्य भी यथाशीघ्र पूरा करवा दिया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि ज्योतिसर में ‘महाभारत-थीम बिल्डिंग’ में महाभारत से जुड़े विशेष प्रसंगों को कलाकृतियों के माध्यम से चित्रित किया जाएगा ताकि पर्यटकों का महाभारत के बारे में ज्ञान और अधिक बढ़ सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। इससे जहां राज्य से बाहर के लोगों को हरियाणा की संस्कृति के बारे में जानकारी मिलेगी वहीं प्रदेश में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।