ओपिनियन पोल : महेंद्रगढ़ में दरक रहा है ‘दिग्गजों’ का किला !
महेंद्रगढ़ को हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का गढ़ माना जाता है।
14 अप्रैल 2018
64
Share
685
नया हरियाणा
हरियाणा के न्यूज चैनल जनता TV का रियल टाइम ओपिनियन पोल ‘ब्लैक बाक्स : अबकी बार किसकी सरकार’ लगातार जारी है। शुक्रवार को जनता TV ने महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभा सीटों के ब्लैक बाक्स खोले। सर्वे के रुझान चौंकाने वाले हैं। हैरान करने वाले हैं। कुछ लोगों को परेशान करने वाले हैं। जनता TV के सर्वे के ये रुझान खासतौर पर उन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं जिन्हें लगता है कि वो महेंद्रगढ़ के दिग्गज हैं। चाहें वो किसी भी पार्टी के ही क्यों ना हों। ऐसे लोग इन रुझानों से सबक लेते हुए अपनी चुनावी रणनीति को और भी दुरुस्त कर सकते हैं।
दरअसल, शुक्रवार को जनता TV ने महेंद्रगढ़ जिले की अटेली, महेंद्रगढ़, नारनौल और नांगल चौधरी विधानसभा सीटों के ब्लैक बाक्स खोले। कार्यक्रम के तय फार्मेट के मुताबिक जनता TV के सलाहकार संपादक शशिरंजन ने काउंटिंग टीम में शामिल सदस्यों की मदद से सील बंद ब्लैक बॉक्स स्टूडियो पहुंचे नेताओं को दिखाकर उन्हें चेक कराया। इसके बाद चारों विधानसभा सीटों की काउंटिंग शुरु कराई। काउंटिंग चार चरणों में कराई गई। पहले राउंड में ही भारतीय जनता पार्टी ने यहां की चारों विधानसभा सीटों पर बढ़त बना ली थी। जबकि कांग्रेस और इंडियन नेशनल लोकदल अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे। लेकिन, दूसरा राउंड आते ही हालात बदल गए।
दूसरे राउंड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला। दो-दो सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस ने बढ़त बना ली थी। जबकि तीसरे राउंड के रुझान में एक बार फिर यहां के हालात बदल गए। तीन सीटों पर बीजेपी आगे चल रही थी। जबकि एक सीट पर कांग्रेस आगे थी। फाइनल रुझान में भी यही स्थिति बरकरार रही। फाइनल रुझान के मुताबिक महेंद्रगढ़ जिले की तीन सीटें भारतीय जनता पार्टी के खाते में जाती हुई नजर आ रही हैं। जबकि एक सीट कांग्रेस के पास जा सकती है। हालांकि 2014 में इस जिले की चार की चारों सीटों पर बीजेपी का कब्जा रहा था। अगर 2014 के चुनावी नतीजों की तुलना जनता TV के सर्वे के रुझानों से करते हैं तो यहां पर बीजेपी को एक सीट का नुकसान होता नजर आ रहा है।
महेंद्रगढ़ को हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा का गढ़ माना जाता है। अहिरवाल बेल्ट में आने वाले इस जिले ने 2014 में हरियाणा में बीजेपी की सरकार बनाने में बड़ी ही अहम भूमिका निभाई थी। बीजेपी के सामने यहां पर अपना दबदबा कायम रख पाना किसी चुनौती से कम नहीं है। वहीं कांग्रेस भी चाहती है कि वो अपनी खोइ्र जमीन को तलाश ले। यानी इस इलाके में सियासी मुकाबला काफी दिलचस्प रहने वाला है। 2019 में क्या होगा इसके लिए थोड़ा इंतजार जरुरी है। हालांकि इस कार्यक्रम में सभी दल के नेता ये दावा जरुर करते रहे कि महेंद्रगढ़ जिले की चारों सीटों पर जीत उन्हीं की पार्टी की होगी। जनता TV के इस कार्यक्रम में बीजेपी की ओर से गोविंद भारद्वाज शामिल हुए। जबकि कांग्रेस की ओर से सत्यवीर यादव और इनेलो की ओर से पूर्व विधायक रणबीर मंदोला ने शिरकत की। निष्पक्ष और स्वतंत्र राय के लिए वरिष्ठ पत्रकार विजय कौशिक को बुलाया गया था।