रोहतक को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। कहने वाले तो यहां तक कहते हैं कि हुड्डा को यहां से हरा पानी मुश्किल ही नहीं बल्कि नामुमकिन है। लेकिन, सियासत और क्रिकेट में कुछ भी मुमकिन है। देश की जनता ने कई मौकों पर आखिरी गेंद में क्रिकेट मैच और आखिरी वक्त में सियासी समीकरणों को बदलते देखा है। शुक्रवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला। रियल टाइम ओपिनियन पोल ‘ब्लैक बॉक्स : अबकी बार किसकी सरकार’ कार्यक्रम में। रोहतक जिले में कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की राह में भारतीय जनता पार्टी बड़ा रोड़ा बनती हुई नजर आ रही है।
जनता TV ने शुक्रवार को रोहतक जिले की चारों विधानसभा सीटों के ब्लैक बॉक्स खोले। जनता TV की टीम ने महम, गढ़ी सांपला किलोई, रोहतक और कलानौर के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 1600 सैंपल कलेक्ट किए थे। जिनकी लाइव काउंटिंग कराई गई। सभी विधानसभा क्षेत्रों के सीलबंद ब्लैक बॉक्सेस को पार्टियों के नुमाइंदों के सामने चेक कराया गया इसके बाद ही वोटों की गिनती कराई गई। जनता TV के इस कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से सुभाष बत्रा शामिल हुए। जबकि इनेलो की ओर से सतीश नांदल पहुंचे थे। शमशेर खरकड़ा बीजेपी का प्रतिनिधित्व का रहे थे। कार्यक्रम में निष्पक्ष राय रखने के लिए वरिष्ठ पत्रकार ओमकार चौधरी को भी आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के होस्ट और जनता TV के सलाहकार संपादक शशिरंजन ने कार्यक्रम के दौरान रोहतक में जाट आरक्षण के दौरान हुई हिंसा के मसले पर भी राजनैतिक दलों के नुमाइंदों से सवाल किए। प्रदेश में जाट-नान जाट राजनीति को लेकर कार्यक्रम में काफी तीखी और गरमा-गरम बहस हुई। कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेता शमशेर खरकड़ा ने आरोप लगाया कि उन्हें बोलने का मौका ही नहीं दिया जा रहा है। जबकि कई मुद्दों को लेकर बीजेपी, इनेलो और कांग्रेस के नेता आपस में भिड़ते हुए नजर आए। बहस के साथ-साथ रियल टाइम ओपिनियन पोल के इस कार्यक्रम में रुझानों के दौर आते रहे।
वोटों की गिनती चार चरणों में पूरी हुई। पहले रुझान में रोहतक की चारों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने बढ़त बना रखी थी। लेकिन, तीसरा राउंड आते-आते कांग्रेस की एक सीट कम हो गई। दूसरे राउंड में जहां एक-एक सीट पर बीजेपी और इनेलो आगे चल रही थीं, वहीं दो सीटों पर कांग्रेस आगे थी। जबकि तीसरे राउंड में बीजेपी एक और कांग्रेस तीन सीटों पर आगे चलती हुई दिखाई दी। जबकि चौथे और फाइनल रुझान काफी चौंकाने वाले थे। फाइनल रुझानों के मुताबिक यहां की चार विधानसभा सीटों में दो सीट कांग्रेस के खाते में जाती हुई दिख रही थी। जबकि एक सीट पर बीजेपी की बढ़त थी। जबकि एक सीट पर कांग्रेस, बीजेपी और इनेलो के बीच बराबरी का मुकाबला दिख रहा था। यानी एक सीट पर टाई की स्थिति थी।
2014 के विधानसभा चुनाव में गढ़ी सांपला किलोई, महम और कलानौर की सीट कांग्रेस की झोली में गई थीं। जबकि रोहतक पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा रहा था। लेकिन, जनता TV के रियल टाइम ओपिनियन पोल में कांग्रेस को सीट का नुकसान होता नजर आ रहा है। ये रुझान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस नेता सुभाष बत्रा का दावा था कि अगले चुनाव में चारों सीटों पर कांग्रेस का ही कब्जा होगा। कुछ ऐसे ही दावे बीजेपी और इनेलो के नेता भी करते दिखे।