24 घंटे में हड़ताल पर गए कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटे तो होंगे टर्मिनेट
एनएचएम कर्मचारियों की हठधर्मिता जारी है और पांच दिन से हड़ताल पर हैं.
9 फ़रवरी 2019
Share
722
नया हरियाणा
चरखी दादरी में विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर गए एनएचएम के 39 अनुबंधित कर्मचारियों को टर्मिनेट करने के नोटिस सिविल सर्जन द्वारा जारी किए हैं। एनएचएम कर्मचारी पांच दिन से मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। जिसको लेकर सिविल सर्जन द्वारा आदेश जारी किए हैं कि या तो 24 घंटे में ड्यूटी ज्वाइन करे नहीं तो उनका अनुबंध खत्म कर टर्मिनेट कर दिया जाएगा। वहीं कर्मचारियों ने कहा कि नोटिस मिले या टर्मिनेट हों, हड़ताल जारी रहेगी।
एनएचएम कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर पांच फरवरी से हड़ताल पर हैं। शनिवार को भी कर्मचारी दादरी के सरकारी अस्पताल में हड़ताल पर रहे और सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बिगड़ी हुई हैं। हड़ताल पर गए एनएचएम कर्मचारियों का नेतृत्व कर रही जिला प्रधान अंजूबाला ने कहा कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। बावजूद इसके सरकार द्वारा उनकी ना तो मांगे पूरी की हैं और उलटा उन्हें टर्मिनेशन का नोटिस थमा दिया है। आदेश में कहा गया है कि अगर नोटिस जारी होने के 24 घंटे बाद भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आते हैं तो उनका अनुबंध खत्म कर टर्मिनेट कर दिया जाएगा। अंजू बाला ने कहा कि सरकार कर्मचारियों को दबाने का काम कर रही है। चाहे उनके खिलाफ विभाग कोई भी कार्रवाई करे वे अपनी मांगों को पूरी करवाये बगैर हड़ताल खत्म नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी मांगे जायज है। अगर उनकी मांग पूरी नहीं होती है तो वे अपना आंदोलन और बड़ा कर सरकार को झुकाने का काम करेंगी। वहीं सिविल सर्जन डा. विरेंद्र यादव ने बताया कि कर्मचारियों को नोटिस जारी किए हैं। अगर कार्य पर उपस्थित नहीं हुए तो उनको टर्मिनेट कर दिया जाएगा।