कांग्रेस व इनेलो शासन से ज्यादा नौकरियां दी बीजेपी सरकार ने : मनोहर लाल
मनोहर लाल ने कहा कि हम पारदर्शिता से नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
21 जनवरी 2019
Share
678
नया हरियाणा
बेरोजगारों को रोजगार देने के मामले में हरियाणा की भाजपा सरकार पूर्व सरकार से आगे निकल चुकी है। अब तक 54197 युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। इसके अलावा 17284 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। जिसके मार्च 5 तक पूरा होने की उम्मीद है। संभवतः प्रदेश के इतिहास में पहली बार ग्रुप डी के 18218 पदों के लिए अंतिम परिणाम परीक्षा के 2 महीने के भीतर घोषित कर दिया गया है।
1999 से मार्च 2005 तक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 5591 भर्तियां की गई। कांग्रेस शासन में मार्च 2005 से अक्टूबर 2009 तक 18020 और अक्टूबर 2009 से अक्टूबर 2014 तक की अवधि में 44302 भर्तियां की गई।
वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 54197 युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है। आयोग की ओर से विभिन्न विभागों से संबंधित विभिन्न श्रेणियों के 71481 पदों को विज्ञापित किया गया। इनमें से 17284 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। जो मार्च तक पूरे होने की उम्मीद है। इन पदों में पुलिस विभाग से संबंधित 7110 और कौशल विकास विभाग से संबंधित 2643 पद शामिल हैं। विभिन्न वर्गों के 9858 केस अभी कोर्ट में लंबित है। चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती के अनुसार पूरी तरह पारदर्शिता से मेरिट के आधार पर चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि युवाओं को मैरिट पर रोजगार देना भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता रही है। इनेलो के 6 साल में 5591, कांग्रेस के पहले 5 साल में 18020 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। जबकि भाजपा सरकार के दौरान यह आंकड़ा 54101 पहुंच चुका है। आगे भी हम युवाओं के भरोसे को बरकरार रखते हुए पारदर्शिता से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगे।