विपक्ष का दोहरा चरित्र सामने, भाजपा विकास के बूते जीतेगी : कविता जैन
उन्होंने कहा कि 150 करोड़ के विकास कार्य करवाये हैं।
13 जनवरी 2019
Share
518
नया हरियाणा
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने कहा कि जींद उपचुनाव में विपक्ष अपने दोहरे चरित्र के साथ मैदान में है और भाजपा विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ते हुए सब पर भारी पड़ेगी और उपचुनाव को बड़े अंतर से जीतेगी। उन्होंने कहा कि आज उन लोगों का जींद प्रेम छलक रहा है, जिन्होंने हमेशा इस क्षेत्र का अपने राजनीतिक फायदे के लिए दोहन किया।
रविवार दोपहर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन एवं मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने हाउसिंग बोर्ड, पुरानी अनाज मंडी, पुरानी काठमंडी, गान्धी नगर, पटियाला चौक पर व्यापारिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में पहली बार जींद में विकास का पहिया बराबर घूम रहा है। अकेले जींद शहर में 150 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर करवाए जा रहे विकास कार्य इसकी पुष्टि करते हैं। शहर को जाम से निजात दिलाने के प्रयासों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी करते हुए नागरिक अस्पताल को 100 बैड से 200 बैड का किया जाना इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विकास के बूते पर भाजपा ने जिस प्रकार हाल ही में 5 नगर निगमों में एकजुट विपक्ष को धूल चटाई थी, उसी प्रकार जींद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ कृष्ण मिड्डा बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे।
मंत्री कविता जैन ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला आज विकास नहीं होने का रोना रो रहे हैं, जबकि कांग्रेस की 10 साल शासन में मजबूत मंत्री होते हुए भी वह अपने गृह जिले की समस्याओं से मुंह फेरते रहे। उनके साथ-साथ उनके पिता शमशेर सुरजेवाला को भी जींद और नरवाना ने भरपूर मान-सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने जींद की जनता के भरोसे को अपने हितों के नीचे कुचल दिया। उन्होंने कहा कि आज ऐसे नेताओं को सबक सिखाने की जरूरत है, जो परिसीमन द्वारा नरवाना को आरक्षित किए जाने के बाद जींद की जनता के आह्वान को छोड़कर कैथल में अपना भविष्य संवारने चले। आज मतदाता ऐसे नेताओं को सबक सिखाने के लिए तैयार हो जाएं और भाजपा की रिकार्डतोड़ जीत को सुनिश्चित करें। इस अवसर पर सियाराम गोयल, ईश्वर गर्ग, दिनेश गर्ग, राजकुमार सेलर वाले, नगर व्यापार मंडल प्रधान ईश्वर बंसल, महेश सिंगला, राधेश्याम बिंदल, सुरेश गर्ग, रोशन लाल गोयल, अनिल बंसल, प्रेमचन्द मिठन लाल, राजकुमार, सुरेश गत्ता मिल वाले, अमित कुमार समेत बड़ी संख्या में शहर के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।