दिवंगत विधायक हरिचंद मिड्डा के निधन उपरांत हो रहे उपचुनाव में उनके बेटे एवं भाजपा उम्मीदवार कृष्ण मिड्डा की नामांकन सभा में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने विरोधी राजनीतिक दलों पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस के बाहरी प्रत्याशी और आखिर तक असमंजसता में रहे जजपा, इनेलो प्रत्याशियों को उन्होंने मौसमी नेता बताया और कहा कि जींद की जनता इन्हें जरूर सबक सिखाएगी।
वीरवार सुबह रानी तालाब के पास अर्जुन स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्डा की नामांकन सभा में भाजपा के दिग्गज नेता पहुंचे और कार्यकत्र्ताओं में पूरा जोश भरा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि आज जींद की जनता के सामने मौसमी नेताओं को सबक सिखाने का मौका है। विरोधी राजनीतिक दलों की हालत ऐसी है कि उपचुनाव की बिसात बिछने के बाद भी कांग्रेस, इनेलो, जजपा को प्रत्याशी नहीं मिल रहे थे। उन्होंने कहा कि दिवंगत हरिचंद मिड्डा जनसंघ की विचारधारा पर चलने वाले व्यक्ति थे, उनकी जीत आमजन में उनके निजी भरोसे की होती थी। उन्होंने जींद के विकास का सपना देखा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनके निधन के बाद उनकी मांगाों को विधानसभा में मंजूर कर इस दिशा में अनूठी पहल की।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बराला ने कांग्रेस पर लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जींद की जनता कांगे्रस को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि रणदीप सुरजेवाला ने विधानसभा की 73 सीटिंग में से केवल 6 में हिस्सा लिया और कभी कैथल की भलाई के लिए ही आवाज नहीं उठाई, ऐसे में अब सुरजेवाला कैथल के बाद जींद की जनता को धोखा देने के लिए आ रहे हैं। कांगे्रस शासन मे मजबूत मंत्री होते हुए जींद को अपनी बेहाली पर छोडने वाले रणदीप सुरजेवाला को यहां की जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सबका साथ-सबका तर्ज पर विकास रूपी गंगा का पहिया जींद में भी घूम रहा है और भाजपा हर छोर तक विकास पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया कि वह हरिचंद मिड्डा के सपने पूरे करने के लिए कृष्ण मिड्डा को जिताने तक चैन से नहीं बैठना है और हर बूथ पर भाजपा को जिताना है।
नामांकन सभा में शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मनीेष ग्रोवर, कृष्ण कुमार बेदी, सांसद रमेश कौशिक, विधायक डा कमल गुप्ता, प्रेमलता, सरदार बख्शीश सिंह विर्क, महिपाल ढांढा, रोहिता रेवडी ने संबोधित किया, जबकि दर्जनभर बोर्ड-निगम चेयरमैन, प्रदेश-जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।