कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत का उदाहरण पेश करेगा जींद उपचुनाव : सुधा भारद्वाज
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने जींद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की होने का दावा किया है.
3 जनवरी 2019
Share
766
नया हरियाणा
महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने जींद उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पक्की होने का दावा किया है. सुधा भारद्वाज ने कहा है कि इसमें कोई संदेह नहीं कि इस उपचुनाव में कांग्रेस अपनी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी. प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में जनता ने दिखा दिया है कि अब भाजपा के दिन लद चुके हैं. भाजपा की गलत नीतियों के कारण प्रदेश के लोग परेशान हैं. प्रदेश के नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं.पीएचडी की डिग्री प्राप्त युवा ग्रुप-डी की भर्ती भरने को मजबूर हैं. प्रदेश में बेरोजगार युवाओं की लंबी चौड़ी फौज खड़ी हो रही है जो भाजपा को अधिक समय तक टिकने नहीं देगी. प्रदेश में किसान कर्ज की मार में आत्महत्या कर रहा है. किसानों को उनकी फसलों की उचित दाम नहीं, केवल बड़े-बड़े वादे मिल रहे हैं. प्रदेश की महिलाएं किसी भी जगह सुरक्षित नहीं है. दिन-ब-दिन बढ़ती महंगाई के कारण प्रदेश की जनता आर्थिक तंगी की मार झेलने को विवश है. इन हालातों में प्रदेश के लोग अपना मन बना चुके हैं कि आने वाला समय कांग्रेस का होगा और प्रदेश में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी. जींद इसका पहला उदाहरण पेश करेगा.