हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र को 121 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणाएं की। इनमें मुख्यमंत्री ने गांव माखोसरानी में 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले लाला लाजपात राय पशु विश्वविद्यालय के रिजनल सैंटर बनाने की घोषणा भी शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए 15 करोड़ और ऐलनाबाद शहर के लिए 5 करोड़ रुपये की ग्रांट देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करने से पहले 23 वर्ष पूर्व डबवाली अग्रिकांड में शिकार हुए लोगों को याद करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा मृत्कों के परिवारजनों को ढांढस बंधाने की प्रार्थना भी की।
मुख्यमंत्री रविवार को सांय विधानसभा क्षेत्र ऐलनाबाद के गांव मल्लेकां की अनाजमंडी में हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन पवन कुमार बैनीवाल द्वारा आयोजित विकास रैली में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस रैली की अध्यक्षता बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी ऐलनाबाद के चेयरमैन अमीरचंद मेहता ने की। मुख्यमंत्री ने ऐलनाबाद क्षेत्र के अनेक गांवों को जोडऩे के लिए सड़क निर्माण, गांव में स्टेडियम और व्यायामशालाएं तथा सिंचाई प्रबंधन के लिए अनेक माईनरों की रिमॉडलिंग करने की घोषणा भी की। इसी प्रकार 18 से 20 गांवों की सेम ग्रस्त भूमि के समाधान का आश्वासन भी मुख्यमंत्री ने भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 के कपास उत्पादक किसानों की फसल खराब होने पर बीमा योजना के तहत बकाया 229 करोड़ रुपये की राशि किसानों को मंजूर करवा दी गई है और जल्द ही 77 गांवों के किसानों की फसलों की मुआवजा राशि का हल भी बीमा कंपनी से निपटवा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास नारे की चरितार्थ कर रही है। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पूर्व इस इलाके की हालत दयनीय थी। उन्होंने कहा कि बड़े अफसोस की बात है कि इस क्षेत्र से प्रदेश को सत्ता मिलती रही है परंतु यह क्षेत्र विकास को तरसता रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने चार वर्ष पूर्व भाजपा को जनादेश देकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और ऐसे लोगों से छुटकारा दिलवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बागडौर संभालते ही उन्होंने बिना भेदभाव के पूरे प्रदेश का विकास करवाया है।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकार को लूट खसौट और बीबीसी (बदली, भर्ती, सीएलयू) सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि उन सरकारों ने लेगों को तकलीफ पहुंचाने का काम किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यवस्था को बदला, तबादला नीति को ऑनलाईन कर भ्रष्टाचार को समाप्त किया। इसके अलावा मिशन मैरिट पर काम करते हुए युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने लोगों को गुलाम न बना कर लोगों के दिल में बसने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र शासन प्रणाली में लोगों को काम के लिए चक्कर नहीं कटवाने चाहिए बल्कि उनको सुविधा और सहुलियत देकर लाभ पहुंचाना होता है। लोकतंत्र प्रणाली में सबको न्याय मिले, किसी जाति और क्षेत्र का कोई भेदभाव नहीं हो, वही सही मायने में लोकतंत्र है।
मुख्यमंंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मार्केटिंग बोर्ड से बनने वाले पांच करम तक के रास्तों के साथ-साथ खेतों के तीन और चार करम के रास्ते भी पक्के करने की भी योजना बनाई है। मुख्यमंत्री किसान, खेत, सड़क योजना के तहत ईंटों की खड़ंजों केे रास्ते पक्के किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरे प्रदेश में 750 करोड़ रुपये की लागत से शमशान भूमि के रास्ते, उनकी चार दिवारी, शैड निर्माण और पीने के पानी के नलके की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरसा जिले के शमशान भूमि के कार्य भी तीन महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को गैस सिलेंडर देने की अनुठी योजना चलाई है। इसके तहत अबतक वंचित महिलाओं को गैस सिलेंडर और चुल्हा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधा संवाद कायम करते हुए उनसे पूछा कि सभा में कोई इस योजना से वंचित है तो हाथ खड़ा करें। कुछ महिलाओं के हाथ खड़े करने पर मुख्यमंत्री ने एसडीएम ऐलनाबाद को निर्देश दिये कि इन महिलाओं को 48 घंटे के भीतर गैस सिलेंडर और चुल्हा उपलब्ध करवाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों को बेहरत पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई है। उपलब्ध पानी का सही तरीके से बंटवारा करते हुए ऐसी 293 टेलों पर पानी पहुंचाया है जहां पानी पहुंचा ही नहीं था। लड़कियों की शिक्षा पर भी प्रदेश सरकार ने बेहतर काम किया है। ऐसे 38 स्थानों पर कॉलेज खोले गए हैं जहां लड़कियों को अपने गांव से 20 किलोमीटर की दूरी न तय करनी पड़े। 29 कॉलेजों का शिलान्यास हा चुका है और जल्द ही 9 कॉलेज का निर्माण शुरु करवाया जाएगा। गांवों में स्टेडियम बनाने के लिए भी प्रदेश की मैपिंग की जा रही है और मैपिंग होने के बाद पूरे प्रदेश में चार एकड़, छह, आठ और 15 एकड़ के स्टेडियम बना कर एक साथ उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिजली का लाईन लॉस कम किया है और बिजली के रेटों में भी कटौती की है जिसका जनता को लाभ पहुंचा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व की सरकारों में सत्ता में रहे लोग अपने घर भरने तक सीमित थे, जनता से उनका कोई सरोकार नहीं था। उन्होंने एक राजनीति दल के दो फाड़ होने पर चुटकी लेते हुए कहा कि असली लड़ाई धन की है, कुर्सी का तो बहाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी पार्टियों के दिन अब लद चुके हैं, लोग काम करने वालों पर ही विश्वास जताते हैं। निगम के मेयर चुनावों में मिली पांचों स्थानों पर जीत को मुख्यमंत्री ने जनता के विश्वास की जीत बताया और कहा कि जनता का विश्वास उनकी सरकार के काम पर मेयर चुनाव की जीत के रुप में मोहर है।
बीजेपी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश की दशा और दिशा बदली है। मुख्यमंत्री ने सबका साथ-सबका विकास नारे को सार्थक किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सिरसा क्षेत्र हमेशा सत्ता का केन्द्र रहा परंतु इस क्षेत्र का जिनता विकास होना चाहिए वह नहीं हुआ है। इसके लिए पूर्व की सरकारें दोषी है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने किसानों को न तो खेत का पानी दिया और न ही उनकी फसलों की खरीद की। उन्होंने कहा कि चौ. देवीलाल कहा करते थे लोक राज लोक लाज से चलता है। परंतु उनके नाम पर सत्ता हांसिल करने वालों ने लोक लाज का तार तार किया है। वास्तव में अगर लोक लाज की बात कहीं दर्शाती है तो वह केन्द्र व राज्य की वर्तमान सरकार के काम काज में दर्शाती है।
सुभाष बराला ने कहा कि विधायक भाभी अपने देवर को सरेआम स्टेज पर गुंडा कहती है तो आप सोच सकते हैं कि उन लोगों ने कितनी लोक लाज रखी होगी। उन्होंने कहा कि जनता समझ चुकी है, वह जजपा और इनेलों के बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे भाजपा की नीतियो ंमें विश्वास व्यक्त करें और आने वाले समय में लोकसभा और विधानसभा के चुनावों में भाजपा को जीताएं और विकास के मार्ग पर आगे बढें। उन्होंने कहा कि यहां से सत्ता तक पहुंचे लोगों ने सिर्फ जनता को छलने का ही काम किया है। जनता के हितों से उन लोगों का कोई सरोकार नहीं था। उन्होंने निगम चुनावों की जीत को ट्रेलर बताया और कहा कि असली जीत तो जनता लोकसभा और विधानसभा चुनावों में दिखाएगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ ये दर्शा रही है कि आने वाले समय में यहां से भाजपा का विधायक विधानसभा में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ ऐलनाबाद ही नहीं जिला की पांचों सीटें भाजपा के खाते में जाएगी। उन्होंने कहा कि सिरसा के लोग भी बार बार एक ही दल पर विश्वास व्यक्त करके अब बोर हो चुके हैं और यहां भाजपा को मौका देंगे। यहां का क्षेत्र वर्षों से विकास के लिए तरस रहा है। यहां पर लंबा राज करने के बावजूद भी लोग बेरोजगारी, पानी आदि की अनेक समस्याओं से जुझते रहे। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के चार साल के दौरान काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि यहां के नेता दूसरे हल्कों में जाकर ये कहते हैं कि वे सिरसा जैसा विकास करवाएंगे। परंतु यहां आकर पता चलता है कि यहां पर कोई विकास हुआ ही नहीं है। यहां के नेताओं ने काम के नाम पर थैली लेने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार होगी और प्रदेश व देश उन्नति की राह पर आगे बढेगा।
हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन व रैली के संयोजक पवन कुमार बेनीवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और हल्के के विकास के लिए अपना मांगपत्र रखा।
इस अवसर पर हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चौपड़ा, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की चेयरमैन सुनीता दुग्गल, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, जिला महामंत्री विजय वधवा, पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं मार्केट कमेटी ऐलनाबाद के चेयरमैन अमीर चंद मेहता, जिला महासचिव मुकेश मेहता, मार्केट कमेटी डिंग के चेयरमैन राजबीर गोदारा, मार्कट कमेटी सिरसा के चेयरमैन हनुमान कुंड्डु,उपायुक्त प्रभजोत सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. अरुण सिंह, एसडीएम कालांवाली बिजेंद्र सिहं, एसडीएम ऐलनाबाद अमित कुमार, डीआईपीआरओ सुरेंद्र कुमार वर्मा, बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग, बीजेपी हरियाणा के प्रभारी श्रीनिवास गोयल, पूर्व चेयरमैन रेणू शर्मा, गुरदेव सिंह राही, मार्केट कमेटी रानियां के चेयरमैन शीशपाल कंबोज, जिला पार्षद आदित्य देवीलाल, वरिष्ठï भाजपा नेत्री सुनीता सेतिया, राजेंद्र सिंह देसूजोधा, डा. वेद बेनीवाल, अमन चोपड़ा,बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश सदस्य लखविंद्र सिंह धारीवाल, जिला मीडिया प्रभारी कपिल सोनी, नाथूसरी चोपटा ब्लॉक के वाईस चेयरमैन विनोद नागर, पूर्व जिला पार्षद बलबीर सिंह खोसा, त्रिलोचन सिंह उर्फ लाली, सरपंच रमनदीप, पूर्व सरपंच जगदेव सिंह व भोला सिंह बराड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ओटू हैड का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।