हरियाणा में हुड्डा के कांग्रेसी चेहरा बनने में रोड़ा बन सकते हैं घोटाले
हरियाणा के कांग्रेसी नेता हरियाणा के प्रभारी को लेकर जोड़तोड़ करने में लगे हुए हैं।
15 दिसंबर 2018
Share
783
नया हरियाणा
तीन राज्यों में जीत के बाद कांग्रेस काफी उत्साहित नजर आ रही है। कांग्रेस का अगला निशाना हरियाणा है जहाँ हुड्डा समर्थकों ने अपनी कोशिशें बढ़ा दी हैं। मध्यप्रदेश में कमलनाथ और राजस्थान में अशोक गहलोत को चेहरा बनाने के बाद अब हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस की कमान पकड़ाई जा सकती है। इसका बड़ा कारण कमलनाथ, गहलोत और हुड्डा को एक ही श्रेणी के नेता माना जाना है। जबकि हरियाणा के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ अशोक तंवर हुड्डा से किसी मामले में पीछे नहीं रहना चाहते। राहुल गांधी के करीबी होने का फायदा उठाते हुए उन्होंने भी इस सियासी जंग में अपनी दावेदारी ठोकने का काम किया है। तंवर समर्थक भी आलाकमान पर दबाव बनाते दिख रहे हैं। हरियाणा में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा कौन रहने वाला है, यही हरियाणा में कांग्रेस के भविष्य की राजनीतिक दशा और दिशा तय करेगा।
आलाकमान से बातचीत के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आलाकमान को यह भरोसा दिलाया है कि वह हरियाणा की 10 लोकसभा सीटें जीतने का दम रखते हैं। इसी के साथ हुड्डा ने आलाकमान से हरियाणा के मेयर चुनावों की पांचों सीटें कांग्रेस की झोली में डालने का वादा भी किया। ऐसे में हरियाणा नगर निगम में मेयर चुनावों के परिणाम पूर्व सीएम के भविष्य की रूपरेखा तय करेंगे। दूसरी तरफ भूपेंद्र हुड्डा के सियासी खेल को उन पर चलने वाले घोटालों के केस खेल बिगाड़ सकते हैं। सूत्रों के हवाले से खबरें आ रही हैं कि हरियाणा में प्रदेशाध्यक्ष के लिए कुलदीप बिश्नोई अपनी गोटियां फिट करने में लगे हुए हैं।
हरियाणा का प्रभारी कौन बने, इसके लिए भी सभी ने जोड़तोड़ करना शुरू कर दिया है, क्योंकि टिकट बंटवारे से लेकर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता प्रभारी के माध्यम से ही खुलेगा।