जेजेपी पार्टी कांग्रेस से गले मिले हुए है, हाथ मिलाने की जरूरत नहीं है : प्रवीण आत्रेय
इनेलो और जेजेपी के बीच घमासान छिडा़ हुआ है।
15 दिसंबर 2018
Share
897
नया हरियाणा
इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय ने दिग्विजय चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा है कि सभी जानते और मानते हैं कि इंसान की प्रथम गुरु उसकी मां होती है। हर इंसान मां से सीखता है। माँ की सीख का परिणाम ही होता है कि कोई राम बनता है तो कोई खर-दूषण। अंतर केवल सही सीख का होता है। जिन जननायक चौधरी देवीलाल के आदर्शों की बात दिग्विजय चौटाला करते हैं वह जरा बताएं कि जननायक देवीलाल त्याग की मूर्ति थे। उन्होंने कभी पद की लालसा नहीं की , कभी झूठ या छल कपट की राजनीति का सहारा नहीं लिया। लेकिन आप दोनों दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला जनमत की परवाह किए बिना स्वयं ही मुख्यमंत्री बनकर घूम रहे हो। अभय सिंह चौटाला जी के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी कर रहे हो। ओम प्रकाश चौटाला जिन्होंने जीवन भर जननायक के आदर्शों के लिए संघर्ष किया। आप दोनों ने तो उनको भी षड्यंत्र का हिस्सा कहकर जेल काट रहे बुजुर्ग के साथ धोखा किया। दरअसल यह सब आपकी शिक्षा का ही असर है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा था कि जेजेपी कभी कांग्रेस से हाथ नहीं मिलाएगी। इस पर आत्रेय ने कहा कि जो लोग गले मिले हो, उन्हें हाथ मिलाने की जरूरत नहीं होती। दिग्विजय आप इनेलो के नेताओं की चिंता छोड़, अपनी पार्टी की चिंता करें। आपके साथी भी आपके द्वारा विरोधी दलों के इशारे पर इनेलो के खिलाफ रचे गए षड्यंत्र और झूठ को पहचान चुके हैं वह सब घर जल्दी वापस आएंगे।