जाट आरक्षण हिंसा के पीछे सीएमओ तक शामिल रहा है : भूपेंद्र सिंह हुड्डा
हुड्डा ने कहा कि पांचो नगर निगम चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत लगभग तय है।
15 दिसंबर 2018
Share
687
नया हरियाणा
रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि जाट आरक्षण हिंसा के मामले में उन्हें बेवजह बदनाम किया जा रहा है। अगर राज्य सरकार प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर दें, तो प्रदेश की जनता को इस मामले की सच्चाई का पता चल जाएगा। जाट आरक्षण हिंसा के पीछे सीएमओ तक शामिल रहा है जिसके चलते सरकार रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करना चाहती।
हुड्डा ने कहा कि पांचो नगर निगम चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत लगभग तय है। उनका कहना है कि विधानसभा चुनाव से साफ हो गया है कि भाजपा अब दौड़ में कहीं शामिल नहीं है। कुल मिलाकर भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रही और अनाप-शनाप बयानबाजी कर रही है। हवाई किलो की कोई बुनियाद नहीं हुआ करती। हवाई किले केवल खुद को ही दिखते हैं प्रदेश की जनता को जमीनी स्तर पर काम चाहिए।
मनोहर सरकार जिस विकास का दावा करती है अब समय है कि वह जनता को जवाब दे कि किस क्षेत्र में कितने प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। रोजगार देने की बजाय मनोहर सरकार ने 50,000 लोगों को बेरोजगार किया है। अब प्रदेश की जनता भाजपा को सबक सिखाने के मूड में है जो उन्हें जल्द ही मेयर चुनाव में पता चल जाएगा।