इनेलो के दम पर संसद और विधानसभा में पहुंचने वाले स्वयं को मुख्यमंत्री का दावेदार बता रहे हैं: अभय चौटाला
इनेलो नेताओं और जेजेपी नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार जारी है.
11 दिसंबर 2018
Share
714
नया हरियाणा
बयानबाजियों का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा। विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने दुष्यंत व नैना चौटाला पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आज अपने आप को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता रहे हैं उनको यह पता होना चाहिए कि वह इनेलो के दम पर ही संसद व विधानसभा तक पहुंचे हैं वरना सरपंच भी न बन पाते। दुष्यंत- दिग्विजय पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस के कुछ नेताओं को उन्होंने मुख्यमंत्री पद का लालच देकर बहकाया है। जो पार्टी के खिलाफ बोलते हैं वे इनेलो के सदस्य हो ही नहीं सकते। प्रदेश के नगर निगम चुनाव में भाजपा की करारी हार तय है। कांग्रेस चुनाव से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर चुकी है।
भाजपा फसल बीमा के नाम पर प्रति सीजन किसानों से 1575 करोड़ की राशि हड़प कर रही है। एसवाईएल के मुद्दे से भाग रही है। चुनाव के समय किसानों के हित में स्वामीनाथ आयोग की रिपोर्ट लागू करने से पीछे हट रही है। विधानसभा में भाजपा की हार को देखते हुए नगर निगम चुनावों के भाजपा उम्मीदवार पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने से घबरा रहे हैं। इनेलो की सरकार बनते ही पहला काम ई-वे बिल समाप्त करना होगा। किसानों के कर्ज माफ होंगे, पेंशन में वृद्धि होगी। इसी के साथ प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने अभय सिंह को भावी मुख्यमंत्री बताया।