अभय सिंह चौटाला को नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा देना चाहिए : दीपेंद्र सिंह हुड्डा
भूपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा को घोटालेबाज सरकार कहा तो दीपेंद्र हुड्डा ने डूबता जहाज कहा.
11 दिसंबर 2018
Share
1088
नया हरियाणा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार घोटालेबाज सरकार है। हरियाणा प्रदेश में अवैध खनन जोरों पर चल रहा है। भाजपा सरकार का हाजमा तगड़ा है, जो खनन का पत्थर व यमुना का रेत भी हजम कर लेता है। इनेलो पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि इनेलो पार्टी के नेता नकली लड़ाई लड़ते हैं। इनेलो के नेता एसवाईएल नहर खोदने पंजाब तो जाते हैं मगर प्रकाश सिंह बादल से मिल कर वापस लौट आते हैं। जबकि हकीकत यह है कि इनेलो नेता एसवाईएल नहर के निकट भी नहीं पहुंचे, खोदना तो दूर की बात है। अजीब बात है कि जेल भरो आंदोलन के दौरान इनेलो का एक भी कार्यकर्ता जेल नहीं गया। दरअसल वह तो विपक्षी भाजपा के सहयोगी दल है जिस पर सांसद दुष्यंत चौटाला ने भी यह कह कर मुहर लगा दी कि इनेलो के नेता भाजपा के साथ मिले हुए थे। पूर्व सीएम ने कहा कि जहाँ भी वे जाते हैं लाखों की भीड़ इकठ्ठा हो जाती है। लेकिन जहां मुख्यमंत्री जाते हैं वहाँ कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं।
वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला को विपक्ष के नेता पद से नैतिक अधिकार पर त्यागपत्र देने को कहा है। क्योंकि इनके तीन विधायक उनके भतीजे दुष्यंत चौटाला की नई पार्टी में शामिल हो गए हैं। ऐसे में विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या इनेलो के विधायकों से ज्यादा हो गई है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा एक डूबता जहाज है। भाजपा के मंत्री व सांसद पार्टी छोड़ने लगे हैं। उन्होंने कहा कि 2 दिन में एक मंत्री व सांसद ने भाजपा का साथ छोड़ दिया।