मैं एक फौजी हूँ और राजनीति में लोगों की सेवा करने के लिए आया हूँ: कैप्टन अभिमन्यु
उन्होंने कहा कि नारनौंद हलके के विकास की रफ्तार से कांग्रेस के विधायक घबरा रहे हैं।
22 नवंबर 2018
Share
179
नया हरियाणा
नारनौंद हलके के विकास की रफ्तार से कांग्रेस के विधायक घबरा रहे हैं। लेकिन नारनौंद हलके के लोगों को विकास की आदत पड़ चुकी है। अब ये हलका विकास के मामले में प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में अपनी अलग पहचान बनाएगा। नारनौंद में दादा देवराज के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि " मैं एक फौजी आदमी हूँ और राजनीति में पैसे कमाने के लिए नहीं बल्कि लोगों की सेवा करने के लिए आया हूं। हलके की जनता ने मुझे जो ताकत दी है वो इससे घबराकर हलके के विकास का पहिया रोकने के लिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाट आंदोलन पहले भी काफी बार हुआ है लेकिन अबकी बार कांग्रेस सत्ता में नहीं थी तो उन लोगों ने प्रदेश का भाईचारा बिगाड़ने के लिए यह साजिश रची और जाट आरक्षण के नाम पर एक साजिश के तहत दंगे करवाए जनता सब जानती है।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल ने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं अगर वह उनको साबित कर देते हैं तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा। करण सिंह दलाल को लोगों ने विधायक चुना है लेकिन वह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गुर्गा बन कर उनकी शह पर ही काम कर रहा है। सीबीआई ने जांच में साफ कर दिया है कि रोहतक में मेरे आवास को जलाने में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकी लोगों के नाम सामने आए हैं। इससे वह घबराए हुए हैं कि आने वाले दिनों में कहीं उनको जेल की हवा नहीं खानी पड़ जाए। उन लोगों ने मुझ पर दबाव बनाने के लिए धमकियां भी दिलवाई। लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूँ। शायद वह लोग यह भूल गए हैं कि फौज की ट्रेनिंग में हमें डरना नहीं बल्कि दुश्मन से लड़ना सिखाया जाता है।
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि आज प्रदेश में कांग्रेस के कई नेता मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। लेकिन प्रदेश का सामूहिक विकास करवाकर भाजपा ने यह साबित किया है कि वह 36 बिरादरी की पार्टी है।