18 दिसंबर को 51 लड़कियों की शादी करवाएंगे कैप्टन अभिमन्यु
वित्तमंत्री अपने वेतन से 51 लड़कियों का करेंगे कन्यादान और मुख्यमंत्री भी आशीर्वाद देने के लिए पहुंचेंगे खांडाखेड़ी.
11 दिसंबर 2017
Share
7857
नया हरियाणा
हरियाणा प्रदेश के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 18 दिसंबर को तीन साल के वेतन से 51 गरीब कन्याओं की शादी करवाएंगे। इन कन्याओं को मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी आशीर्वाद देने के लिए विशेष रूप से गांव खांडाखेड़ी में पहुंचेंगे। इससे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ मुहिम को एक नई दिशा मिलेगी। भाजपा सरकार बेटियों को हर क्षेत्र में आगे लाने के लिए प्रयासरत है। वित्तमंत्री के इस कार्य की चर्चा चौपालों पर खूब की जा रही है।
नई परम्परा की होगी शुरुआत
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु 18 दिसंबर को अपने वेतन से गांव खांडाखेड़ी के परममित्र विद्या निकेतन स्कूल में 51 कन्याओं का कन्यादान करके एक नई परम्परा की शुरुआत करेंगे। कैप्टन अभिमन्यु तीन वर्ष पहले नारनौंद हलके से विधायक चुने गए थे और उन्हें प्रदेश सरकार में वित्त सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। उन्होंने फैसला लिया कि वित्तमंत्री पद पर रहते हुए जो भी वेतन उन्हें मिलता है, उसे वे अपने ऊपर खर्च न करके उस पैसे को किसी अच्छे सामाजिक कार्य में लगाएंगे। इसलिए कैप्टन अभिमन्यु ने अपने वेतन से जरूरतमंद कन्याओं की शादी करवाने का निर्णय लिया है। इस कार्य की चर्चा प्रदेश में जोरों से है और मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी इस कार्यक्रम में शिरकत कर कन्याओं को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचेंगे। इससे साबित होता है कि प्रदेश के वित्तमंत्री व मुख्यमंत्री ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ मुहिम को ओर आगे ले जाकर उनका मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं।
प्रदेश में गिरते लिंगानुपात को सुधारने के लिए भाजपा की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ मुहिम काफी सार्थक रही। भाजपा सरकार लड़कियों के लिए अनेक योजनाएं लागू करके लड़कियों को आगे बढ़ाने के पथ पर चल रही है।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि बेटियों के मान-सम्मान के लिए वे हमेशा तैयार रहते हैं और वे अपने तीन साल के वेतन से 51 कन्याओं की शादी करवाकर उनका कन्यादान अपने हाथों से करके बेटियों का मान बढ़ाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहरलाल भी शिरकत करेंगे।