चुनावी बिगुल : 24 अक्टूबर को होंगे मनोहर सरकार के पूरे 4 साल
भाजपा सरकार की कार्यशैली यही है कि चार साल कामकाज और पांचवें साल राजनीति.
18 अक्टूबर 2018
Share
1138
नया हरियाणा
हरियाणा में भाजपा सरकार के 4 वर्ष का कार्यकाल पूरे होने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपनी टीम सहित फील्ड में उतरेंगे। राज्य के सभी 22 जिलों में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। 27 अक्टूबर को रोहतक से इसकी शुरुआत होगी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ मंगल सेन की जयंती होने के कारण भाजपा ने इस दिन को चुना है। रोहतक शहर में एलिवेटिड ट्रैक भी सीएम लोगों को 27 अक्टूबर को समर्पित करेगी। सहकारिता राज्यमंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा है कि कृषि और किसान कल्याण मंत्री ओपी धनखड़ इन जनसभाओं के समन्वयक होंगे। जन सभाओं के दौरान लोगों को वर्तमान में राज्य सरकार की 4 साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जनसभाएं नवंबर 2018 के महीने में संपन्न होंगी। 1 नवंबर में करनाल में होने वाली भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली फिलहाल उनके पांच राज्यों के चुनाव में व्यस्त होने के कारण टाल दी गई है। बाद में इसकी तारीख तय की जाएगी। भाजपा सभी नगर निगम चुनावों के लिए तैयार है और त्योहारों के बाद चुनाव जल्द ही घोषित किए जाएंगे।
भाजपा पार्टी के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी। 26 अक्टूबर को भाजपा सरकार के 4 साल पूरे हो रहे हैं। सरकार ने जनहित में अनेक कार्य किए हैं। उन्हें जनता तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं उनके मंत्रिमंडल सहयोगी मीडिया से रूबरू होंगे। ग्रोवर ने कहा कि किसानों का मुआवजा उनकी फसलों को होने वाले नुकसान के मद्देनजर दिया जाएगा। भले ही उन्होंने फसल बीमा करवाया हो या नहीं। कांग्रेस अपने अंदर झांके उसने किसानों के भले के लिए क्या किया है? ग्रोवर ने कांग्रेस विधायक रणदीप सुरजेवाला पर तंज कसते हुए राहुल गांधी की कोठी के आगे पीछे घूमने वाला बताया।